संयुक्त मंच के आह्वान पर जशपुर में गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, रणजीता स्टेडियम चौक से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, मुख्यमंत्री, महिला बाल विकास मंत्री और सचिव के नाम संबोधित कर 5 सूत्रीय मांगों पर की समयबद्ध निर्णय की मांग
जशपुर, संयुक्त मंच के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को प्रदेशभर के साथ-साथ जशपुर जिले में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने एक दिवसीय हड़ताल, धरना-प्रदर्शन, एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया।

छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजीयन क्रमांक 409 के बैनर तले जिले भर की सैकड़ों कार्यकर्ता-सहायिकाएं सुबह *रणजीता स्टेडियम चौक, जशपुर* के पास एकत्रित हुईं। यहां धरना-प्रदर्शन कर सरकार से मांगो को पूरा करने आवाज उठाया गया।
जिसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के नाम संबोधित था।
ज्ञापन में संयुक्त मंच की 5 सूत्रीय मांगों का उल्लेख करते हुए शासन से गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की गई। संघ ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में उनका अहम योगदान है, लेकिन उनके मानदेय, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषय आज भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं।
*पदाधिकारियों ने सरकार को दिया स्पष्ट संदेश*
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह से शाम तक शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारती हैं, पोषण, टीकाकरण, सर्वे से लेकर हर कार्य में उनकी भूमिका सबसे आगे है। इसके बावजूद उनके मानदेय और अधिकारों को लेकर सरकार उदासीन बनी हुई है। आज का प्रदर्शन सरकार को जगाने के लिए है।
*ब्लॉक अध्यक्ष अंजना टोप्पो* ने कहा कि संयुक्त मंच के आह्वान पर आज जशपुर की हर ब्लॉक की आंगनबाड़ी बहनें एक मंच पर एकजुट हुई हैं। यह एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक हमारी 5 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, यह लड़ाई चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगी।
*ब्लॉक अध्यक्ष कृपा सिंह* ने कहा कि हमने हमेशा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखी है। आज रणजीता स्टेडियम चौक से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण रैली निकालकर हमने अपनी एकता का परिचय दिया है। यह केवल मानदेय की नहीं, बल्कि सम्मान और हक की लड़ाई है।
*पदाधिकारी नीलम एक्का* ने कहा कि कलेक्ट्रेट पहुंच कर कलेक्टर महोदय के माध्यम से मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री तक ज्ञापन पहुंचाना हमारी लोकतांत्रिक ताकत का प्रतीक है। सरकार को आंगनबाड़ी बहनों की आवाज को गंभीरता से सुनना चाहिए और जल्द सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।
संघ ने बताया कि यदि समय पर मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो संयुक्त मंच के निर्देश पर आगे चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अंजना टोप्पो,जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह , परियोजना अध्यक्ष कृपा सिंह,सभी सेक्टर अध्यक्ष,नीलम एक्का,अनुकंपा,रीना राय,हेमा पाठक,ऊषा पाठक,उर्मिला मिंज,सत्यम सिंह,फ्रफुल्ला भगत,रीना,कुसुम कांता,बालों बड़ाइक सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दीदियां उपस्थित थीं।