हरजीत एक बार फिर बने गुरू सिंघ सभा के अध्यक्ष, समाज की बैठक में सर्वसम्मति से पुनर्मनोनयन पर लगी मोहर, सिंदर सिंह भाटिया, गुरूशरण और परमजीत पर भी जताया भरोसा
पत्थलगांव। हरजीत सिंह भाटिया एक बार पुन: गुरू सिंघ सभा पत्थलगांव के अध्यक्ष चयनित हुए हैं। शुक्रवार को स्थानीय गुरूद्वारे में हुई बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से चयनित किया गया। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल है।
गुरू सिंघ सभा पत्थलगांव के निवर्तमान अध्यक्ष हरजीत सिंह भाटिया को एक बार पुन: संगठन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद नवीन कार्यकारिणी के गठन को लेकर शुक्रवार को गुरूद्वारे में समाज की बैठक आहूत की गई। समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल हुए। बैठक के दौरान गत वर्ष में सांगठनिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अध्यक्ष के रूप में हरजीत सिंह भाटिया के कार्यकाल पर संतोष जताया। उनके कार्यकाल के दौरान आयोजित विविध सामाजिक कार्यक्रमों, इनमें पदाधिकारियों के साथ ही आम लोगों की भागीदारी और समस्त कार्यक्रमों के व्यस्थित रूप से संचालन की सराहना करते हुए सदस्यों ने आगामी कार्यकाल के लिए भी उनके नाम का प्रस्ताव किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इस दौरान कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। जिसमें उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी गुरूशरण सिंह भाटिया को सौंपी गई वहीं कोषाध्यक्ष का कार्यभार सिंदर सिंह और सचिव का कार्यभार युवा सदस्य परमजीत सिंह भाटिया को सौंपने का निर्णय लिया गया। सह सचिव के रूप में देवेंद्र सिंह, सह कोषाध्यक्ष वरिष्ठ हरवंत सिंह को चुना गया। साथ ही लंगर समिति का भी गठन किया गया। जिसमें समाज के वरिष्ठतम इंद्रजीत सिंह भाटिया, गुरमीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, अमरजीत सिंह काके, नरेंद्र सिंह, दलजीत सिंह और रणजीत सहगल शामिल हैं। मनोनयन के पश्चात् पुन: कार्यभार सौंपे जाने पर अध्यक्ष हरजीत सिंह भाटिया ने समाज के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे सामाजिक कार्यों के प्रति अपने दायित्वों का पूरा निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।





