शेखरपुर के स्कूल पारा को मिली लो-वोल्टेज से मुक्ति, ग्रामीणों ने जताया विधायक गोमती साय का आभार

पत्थलगांव : ग्राम पंचायत शेखरपुर के स्कूल पारा में पिछले दो वर्षों से चली आ रही लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या का आखिरकार स्थायी समाधान हो गया है। क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

गौरतलब है कि इस समस्या के समाधान के लिए पिछले दो साल से बिजली का खंभा तो गड़ा हुआ था, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया था। ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गोमती साय से विशेष निवेदन किया गया था। इसके बाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल और योगेंद्र नायक के कड़े प्रयासों व सतत समन्वय के कारण यह कार्य धरातल पर उतर सका।

लंबे समय से अधर में लटके इस कार्य के पूरा होने और समस्या का स्थायी निदान होने पर स्कूल पारा के समस्त ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक गोमती साय, मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल और योगेंद्र नायक का सहृदय धन्यवाद करते हुए उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।





