कुमेकेला में पुलिस विभाग की जनचौपाल, साइबर ठगी एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

कुमेकेला में पुलिस विभाग की जनचौपाल, साइबर ठगी एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

पत्थलगांव। पत्थलगांव पुलिस विभाग द्वारा ग्राम पंचायत कुमेकेला में जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक करना था। जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर पुलिस विभाग द्वारा दी गई जानकारियों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर भागवत नायकर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को अज्ञात नंबरों से आने वाले कॉल, फर्जी लिंक, लॉटरी, केवाईसी अपडेट एवं बैंक खाते से संबंधित संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी एवं बैंकिंग जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

उन्होंने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सभापति संतोषी भारद्वाज ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर ठगी और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच उषा सिदार, एएसआई प्रकाश, विन्देश्वरी, अनुपमा कपूर, सीमा पैकरा, देवीसिंह एक्का,बम्लेशवरी मरकाम पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया तथा सभी को सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।