पत्थलगांव में 22 अप्रैल को दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी शिविर

पत्थलगांव में 22 अप्रैल को दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी शिविर

प्रमाण पत्र निर्माण व नवीनीकरण की मिलेगी सुविधा

जशपुरनगर कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले के दिव्यांगजनों को प्रमाणन एवं यूडीआईडी सुविधा प्रदान करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 22 अप्रैल 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। उप संचालक समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में जनपद पंचायत पत्थलगांव क्षेत्र के समस्त दिव्यांगजनों का नवीन प्रमाणीकरण एवं पूर्व में जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया जाएगा। यह शिविर दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य -

शिविर में आने वाले हितग्राहियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि पूर्व में बना हो), आधार से लिंक मोबाइल नंबर (जिसमें ओटीपी प्राप्त होता हो) तथा दिव्यांगता दर्शाने वाला फोटोग्राफ साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने यह भी सलाह दी है कि जिन हितग्राहियों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या अपडेट करने की आवश्यकता है, वे शिविर में आने से पहले ही नजदीकी आधार केंद्र में अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा लें, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दिव्यांगजनों को मिलेगा सीधा लाभ -

इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। यूडीआईडी कार्ड बनने से उनकी पहचान और प्रमाणन प्रक्रिया सरल होगी, जिससे विभिन्न योजनाओं में पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा। समाज कल्याण विभाग ने क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। यह पहल दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।