*निर्वाचक नामावली विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को लेकर बीएलओ का प्रशिक्षण आयोजित, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने दी निर्वाचक नामावली संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां, प्रशिक्षण के पश्चात बीएलओ ने दी ऑनलाइन परीक्षा*
पत्थलगांव।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पत्थलगांव के आदेश के परिपालन में निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 की तैयारियों को लेकर तहसील पत्थलगांव अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली संबंधी कार्यों को सुचारु, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए बीएलओ को आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री भीष्म कुमार पटेल ने उपस्थित बीएलओ को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचक नामावली का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी बीएलओ को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की बात कही। उन्होंने संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार विलोपित करने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स श्री लिलाम्बर प्रसाद एवं श्री नित्यानंद यादव द्वारा प्रशिक्षण पश्चात आयोजित होने वाली ऑनलाइन परीक्षा के स्वरूप, परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों की प्रकृति तथा प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, क्योंकि वे सीधे मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः प्रत्येक बीएलओ को निर्वाचन संबंधी नियमों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी होना आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी बीएलओ द्वारा ऑनलाइन परीक्षा में सम्मिलित होकर परीक्षा दी गई। इस परीक्षा के माध्यम से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी, निर्वाचक नामावली संबंधी नियमों एवं कार्यप्रणाली के प्रति उनकी समझ का आकलन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 हेतु सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में आवश्यक तैयारियों को गति मिली।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यकम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन दिनांक 12 नवम्बर 2026 को किया जाकर इसी तिथि से दिनांक 11दिसम्बर 2026 तक दावे/आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही की जावेगी। साथ ही दिनांक 28 दिसम्बर 2026 तक दावे / आपत्ति के निराकरण पश्चात् दिनांक 04 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जावेगा।

Chief Editor