गुटखा फैक्ट्री पर GST की छापेमारी: 3 गाड़ियों में पहुंची टीम, 2 मशीनें और 30 बोरा माल जब्त

गुटखा फैक्ट्री पर GST की छापेमारी: 3 गाड़ियों में पहुंची टीम, 2 मशीनें और 30 बोरा माल जब्त

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी में रविवार को सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी की। स्टेशन चौक इलाके में एक गोदाम के अंदर गुटखा तैयार किए जाने की जानकारी मिलने के बाद टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें जब्त की हैं। इसके अलावा मौके से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया। अधिकारियों ने गोदाम के अंदर मौजूद अन्य सामान और दस्तावेजों की भी जांच की।

टैक्स से जुड़े दस्तावेज खंगाले

सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों की जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि कारोबार में GST समेत टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

गोदाम में गुटखा तैयार करने के लिए भट्टी भी बनाई गई थी। टीम ने निर्माण प्रक्रिया से जुड़े सामान और अन्य सामग्री की जानकारी भी जुटाई है। जब्त गुटखे और मशीनों की कीमत लाखों रुपए होने की बात सामने आई है। हालांकि, जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और संभावित टैक्स देनदारी की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम

जानकारी के मुताबिक, जिस गोदाम से गुटखा बरामद किया गया है, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। टीम गोदाम में मिले दस्तावेजों, स्टॉक और अन्य रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कारोबार से जुड़ी टैक्स देनदारी कितनी है।

जब्त माल लेकर रायपुर रवाना हुई टीम

कार्रवाई के बाद सेंट्रल GST की टीम दो मशीनों और जब्त गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अधिकारियों द्वारा जब्त सामग्री और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।