Independence Day Traffic Plan: स्वतंत्रता दिवस में इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी, घर से निकलने से पहले देखें Route Plan

Independence Day Traffic Plan: स्वतंत्रता दिवस में इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी, घर से निकलने से पहले देखें Route Plan

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी की है। समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण करने के साथ परेड की सलामी ली जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आमंत्रित अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, प्रतिभागी और बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने मार्ग, डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है।

वाहन पास के रंग के अनुसार पार्किंग

लाल कार पास: लाल पासधारी अतिथि पीडब्ल्यूडी चौक से छत्तीसगढ़ कालेज, कुंदन पैलेस, पीडब्ल्यूडी कालोनी, एमटी वर्क्स शाप गेट और वायरलेस आफिस के सामने से होते हुए मंच के पीछे स्थित वीआइपी पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे।

हरा कार पास: हरे पास वाले वाहन पीडब्ल्यूडी चौक से छत्तीसगढ़ कालेज, कुंदन पैलेस और आरआइ गेट चौक होते हुए सेंट पाल स्कूल पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे।

बिना पास वाले वाहन: ऐसे वाहनों के लिए सेंट पाल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद दर्शक आरआइ गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंच सकेंगे।

स्कूल बसों के लिए अलग व्यवस्था

विद्यार्थियों और अन्य संस्थाओं के प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसें पुलिस लाइन के पिछले गेट यानी धमतरी गेट से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़ा कराया जाएगा।

पेंशनबाड़ा, पीडब्ल्यूडी और महिला थाना चौक से प्रवेश पर नियंत्रण

समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों, परेड में शामिल होने वाले लोगों और कार्यक्रम देखने आने वाले निर्धारित वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। यातायात के दबाव के अनुसार सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

परेड ग्राउंड में इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंध

सुरक्षा के मद्देनजर समारोह स्थल के अंदर शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ और छाता ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लेड अथवा अन्य धारदार वस्तुएं, खतरनाक सामग्री, भड़काऊ सामग्री, गुब्बारे, गेंद, लकड़ी की लाठी, हाकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हार्न, रेडियो और पालतू जानवर भी कार्यक्रम स्थल के अंदर नहीं ले जा सकेंगे।

समय से पहले घर से निकलने की अपील

यातायात पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है। भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए लोगों को समय से पहले घर से निकलने तथा पार्किंग स्थल से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने वीआइपी मार्ग को अनावश्यक रूप से बाधित नहीं करने और बैरिकेडिंग एवं डायवर्सन का पालन करने की अपील की है।