CG HIGH COURT: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, रेप के दोषी सौतेले पिता की उम्रकैद बरकरार
CG HIGH COURT: बिलासपुर। हाइकोर्ट ने नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए दोषी सौतेले पिता की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा है। कोर्ट ने कहा कि यदि पीड़िता की गवाही भरोसेमंद और सुसंगत हो तो केवल उसके बयान के आधार पर भी दोष सिद्ध किया जा सकता है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविन्द्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने आरोपी सौतेले पिता की अपील खारिज कर दी। आरोपी ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसे पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की गंभीर धाराओं के तहत उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि पीड़िता ने अपने बयान में लगातार एक जैसी बात कही और लंबी जिरह के बावजूद उसके बयान में कोई बड़ा विरोधाभास सामने नहीं आया। अदालत ने कहा कि बच्ची ने डर और धमकी की वजह से घटना छिपाई थी, लेकिन चाइल्ड लाइन टीम के संपर्क में आने के बाद उसने पूरी घटना बताई।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि बच्चों के साथ यौन अपराध बेहद गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में नरमी नहीं बरती जा सकती। कोर्ट ने आरोपी की जमानत निरस्त करते हुए चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।

Public reporter 



