स्व. वर्षा चौहान की तृतीय पुण्यतिथि पर फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, जिप अध्यक्ष सालिक साय रहे मौजूद, बन्दियाखार पत्थलगांव ने जीता खिताब

स्व. वर्षा चौहान की तृतीय पुण्यतिथि पर फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, जिप अध्यक्ष सालिक साय रहे मौजूद, बन्दियाखार पत्थलगांव ने जीता खिताब

पत्थलगांव। पत्थलगांव के ग्राम पंचायत जोराडोल में स्व. वर्षा चौहान की तृतीय पुण्यतिथि की स्मृति में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मैदान में मौजूद रहे।

दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बन्दियाखार पत्थलगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि गनपतपुर की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भाजपा लुड़ेग-तमता मंडल प्रभारी हरजीत सिंह भाटिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष चमर साय, भाजपा ग्रामीण मंडल पत्थलगांव के हेमंत बंजारा, भाजपा पत्थलगांव शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, ग्रामीण मंडल महामंत्री प्रकाश चौहान, शहर मंडल महामंत्री नरेश यादव, जोराडोल सरपंच राजेंद्र कुजूर, ईला उपसरपंच देवेंद्र पाल, जिला भाजपा कार्यसमिति सदस्य महेश गुप्ता, जिला युवा मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी अरुण यादव, जिला युवा कार्यसमिति सदस्य जितेंद्र अग्रवाल सहित जोगी राम, फिरनू भगत, धनंजय तिवारी, बटी सिंह एवं आलोक गर्ग मौजूद रहे।

इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा और खेलप्रेमी प्रतियोगिता में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के माध्यम से स्व. वर्षा चौहान की स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

आयोजन को लेकर जिला कार्यसमिति सदस्य भाजयुमो भूषण वैष्णव ने बताया कि स्व. वर्षा चौहान की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इससे ग्रामीण युवाओं को एक मंच मिला और आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा मिला। उन्होंने भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।