सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तकनीक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रभावी उपयोग जरूरी : कलेक्टर रोहित व्यास
जशपुरनगर, 28 अक्टूबर 2026/ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, जशपुर में DDHI Program (IIT Madras) के अंतर्गत जिला स्तरीय बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों तथा छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी मद्रास के Centre of Excellence for Road Safety (CoERS) की टीम के श्री हेमेन्द्र शर्मा एवं श्री प्रीतम शर्मा ने सड़क सुरक्षा से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण, दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान तथा iRAD पोर्टल पर दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी सही एवं समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक एवं आंकड़ा-आधारित विश्लेषण कर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी एवं तकनीकी ज्ञान का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाने के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का सही संकलन एवं विश्लेषण कर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान करना आवश्यक है। इसके आधार पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक उपाय किए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी का सही संधारण सुनिश्चित करें तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोग दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं उनके प्रभावी विश्लेषण के लिए करें।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक एवं आंकड़ा-आधारित दृष्टिकोण अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा कम लागत में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह जशपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात उप पुलिस अधीक्षक, डीआरएम एनआईसी, यातायात पुलिस सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिले के समस्त थानों से एक-एक कर्मचारी तथा सभी अस्पतालों से iRAD पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रविष्टियां करने वाले एक-एक कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन जशपुर की ओर से आईआईटी मद्रास से आए विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
Chief Editor