लूटपाट के मामले में कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 आरोपी एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकाें काे पुलिस ने पकड़ा

 । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लूटपाट के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों ने ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने प्रार्थी बबलू चौहान के साथ विवाद और मारपीट कर उसके पास रखे 1500 रुपये लूट लिए थे। मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

        घटना को लेकर प्रार्थी बबलू चौहान, पिता चंद्रदेव चौहान, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम नवारा, थाना नौहट्टा, जिला रोहतास (बिहार), वर्तमान में मां मंगला फैक्टरी लेबर कॉलोनी नटवरपुर, थाना चक्रधरनगर, ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने गांव जाने के लिए ट्रेन की जानकारी लेने रेलवे स्टेशन आया था। रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने सड़क पर मौजूद था।

         इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अनावश्यक रूप से उसके साथ विवाद करते हुए पैसों की मांग करने लगे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग लड़के ने ब्लेड से प्रार्थी को चोट पहुंचाई और उसकी फुलपैंट की जेब में रखे 1500 रुपये छीनकर मौके से भाग गए।

        लूटपाट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रार्थी से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला।

         जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदेहियों की पहचान की, जिनमें आदतन बदमाश बताए जा रहे शनि वैष्णव के साथ दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया।

          पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शनि वैष्णव के कब्जे से लूट की रकम में से 1000 रुपये नकद, एक विधि से संघर्षरत बालक से 500 रुपये नकद तथा दूसरे विधि से संघर्षरत बालक से घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के तहत आज सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

        पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।