ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय में आयोजित हुई सेक्टर स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27

ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय में आयोजित हुई सेक्टर स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27
ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय में आयोजित हुई सेक्टर स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27

       ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव, जिला-जशपुर में सेक्टर स्तरीय कबड्डी (महिला) प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का औपचारिक शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी तथा मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ हुआ।इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक कु. कौशल्या नाग एवं उनके साथियों द्वारा सरस्वती वंदना, राज्य गीत तथा स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. एस. कान्त ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ- साथ खेलना भी चाहिए इससे उनके व्यक्तित्व विकास होता है।उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का आह्वान किये।   

        प्रतियोगिता में सरगुजा परिक्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 12 महिला कबड्डी टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, रणनीति और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम ने जीत के लिए भरपूर प्रयास किया, जिसके कारण मुकाबलों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा।

      प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव एवं राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर की महिला कबड्डी टीम के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और एक-दूसरे को कड़ी दी। ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रमण एवं रक्षात्मक रणनीति का परिचय देते हुए मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।अंततः पत्थलगांव की टीम ने फाइनल मुकाबला अपने नाम करते हुए सेक्टर स्तरीय कबड्डी (महिला) प्रतियोगिता 2026-27 में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने विजेता महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

  महाविद्यालय की महिला कबड्डी टीम की यह सफलता न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन को भी दर्शाती है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता के दौरान एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. टी. आर. पाटले,डॉ. एस. के. मारकण्डे, प्रो. दिप्तीरानी मिंज,प्रो. विक्रांत मोदी,प्रो. अरविंद लकड़ा,प्रो. मनमोहन किरवानी, डॉ. शैलेन्द्र साहू,डॉ. संगीता बंजारा, डॉ. कृष्ण कुमार पैंकरा, श्री नीलम मंडावी, श्रीमती चेतना यादव, अल्पना कुजूर,अनिता कुजूर एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में टीम के कोच अतिथि कीड़ा अधिकारी श्री अविनाश केरकेट्टा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अनुपमा प्रधान द्वारा किया गया अन्त में कीड़ा प्रभारी प्रो. जे.के. भगत ने प्रतियोगिता के सफल सम्पादन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया ।