नीरज फाउंडेशन स्कूल में फैंसी ड्रेस एवं सोलो डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
पथलगाँव। नीरज फाउंडेशन स्कूल में फैंसी ड्रेस एवं सोलो डांस प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम में अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सुमन अग्रवाल, सिख समाज के अध्यक्ष श्री हरजीत सिंह भाटिया एवं चेयरमैन श्री मनजीत सिंह भाटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा एवं शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती हरनिश कौर भाटिया मैम एवं श्री हरप्रीत सिंह भाटिया सर ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता रहे बच्चों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, जिन बच्चों को किसी भी स्थान पर सफलता नहीं मिल सकी, उनके उत्साह को बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें भी विशेष उपहार प्रदान किए गए। इस पहल से सभी बच्चों में खुशी और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयास एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों का उनके निरंतर सहयोग एवं बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।





