जशपुर में टीबी मुक्त अभियान को नई रफ्तार, पीवीटीजी क्षेत्रों में मरीजों को पोषण सहायता और स्वास्थ्य जागरूकता
जशपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों की समय पर पहचान, बेहतर इलाज और पोषण सहायता उपलब्ध कराना है।
जिले के पीवीटीजी क्षेत्रों में चिन्हित टीबी मरीजों को गोद लेकर उपचार अवधि तक नियमित रूप से निक्षय पोषण आहार किट और जरूरी सहयोग दिया जा रहा है। इसी क्रम में बगीचा विकासखंड के ग्राम गायबुड़ा, महादेवजोबला, रोकड़ापाठ और भट्टीकोना में नव-पंजीकृत टीबी मरीजों से स्वास्थ्य टीम ने घर पहुंचकर मुलाकात की और उन्हें पोषण सामग्री वितरित की।
पीवीटीजी हेल्पडेस्क की मदद से मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों की उपलब्धता और परिवार के सदस्यों की स्क्रीनिंग भी की गई। ग्रामीणों को टीबी के शुरुआती लक्षण, नियमित दवा लेने और उपचार पूरा करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान से दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों का भरोसा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सामुदायिक भागीदारी और निरंतर प्रयासों के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जाए।

Public reporter 



