अजय देवगन की फिल्म ‘चौहान’ के टीजर पर विवाद: ‘पठानों से कह दो, चौहान आ गया’ डायलॉग पर आपत्ति, क्षत्रिय परिषद ने जताई नाराजगी

अजय देवगन की फिल्म ‘चौहान’ के टीजर पर विवाद: ‘पठानों से कह दो, चौहान आ गया’ डायलॉग पर आपत्ति, क्षत्रिय परिषद ने जताई नाराजगी

मुंबई। अभिनेता अजय देवगन की आगामी फिल्म ‘चौहान’ का टीजर रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। फिल्म के टीजर में सुनाई देने वाले डायलॉग “पठानों से कह दो, चौहान आ गया है” पर क्षत्रिय परिषद समेत कई लोगों ने आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि ऐतिहासिक विरासत को सांप्रदायिक या राजनीतिक नजरिए से पेश करना उचित नहीं है।

25 जून को जारी हुए टीजर के बाद क्षत्रिय परिषद ने फिल्म निर्माताओं को पत्र लिखकर कहा कि राजपूत इतिहास और ‘चौहान’ जैसे कुलनाम का इस्तेमाल जातीय या सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने कहा कि भारतीय इतिहास बेहद जटिल और बहुआयामी रहा है, इसलिए उसे आधुनिक राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।

परिषद ने अपने बयान में ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि कई मौकों पर राजपूत और पठान एक-दूसरे के सहयोगी भी रहे हैं। संगठन ने महाराणा सांगा, महाराणा प्रताप, हकीम खान सूर और शेरशाह सूरी जैसे ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर के गठबंधन शासन, सैन्य रणनीति और निष्ठा पर आधारित थे, न कि सांप्रदायिक पहचान पर।

फिल्म के टीजर में पैलेट गन को भीड़ नियंत्रण का सीमित नुकसान पहुंचाने वाला साधन बताए जाने पर भी विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर इसका विरोध करते हुए कहा कि पैलेट गन गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का कारण रही है। उन्होंने कश्मीर से जुड़े एक मामले का हवाला देते हुए टीजर की आलोचना की।

सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। जहां कुछ लोग टीजर की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स इसे इतिहास और संवेदनशील मुद्दों के चित्रण को लेकर सवालों के घेरे में बता रहे हैं। जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 1 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।