कोरिया के डकईपारा में बने “उजाला” से सजेगी हरित होली

कोरिया के डकईपारा में बने “उजाला” से सजेगी हरित होली

रायपुर।कोरिया जिले के  जनपद बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम डकईपारा में उजाला महिला स्वसहायता समूह के कुल 11 सदस्यों ने इस बार होली पर प्राकृतिक रंगों से बाजार में खास पहचान बनाई है। महज 10 दिन पहले शुरू हुई पहल आज 100 किलो से अधिक हर्बल गुलाल के उत्पादन तक पहुंच चुकी है, और निर्माण अभी भी जारी है। कलेक्टर कोरिया के श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बिहान की महिलाओं द्वारा तैयार यह हर्बल गुलाल आनलाइन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।प्राकृतिक रंगों की खुशबू समेटते हुए बिहान समूह ने चुकंदर, हल्दी, पलास, पालक, लाल भाजी, एसेंशियल ऑयल और नेचुरल फूड कलर से त्वचा के अनुकूल, खुशबूदार और पर्यावरण के लिए हितैषी हर्बल गुलाल तैयार किया है। रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों के बीच यह पहल सुरक्षित और हरित होली का नया संदेश लेकर बाजार में उपलब्ध है।

स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि बाजार में विक्रय के लिए इसे 300 रुपये किलो की दर पर बेचा जा रहा है। आनलाइन इस हर्बल गुलाल की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।  हर्बल गुलाल 300 रुपये प्रति किलो की दर से बेचते हुए मात्र दो दिनों में ही इस समूह ने 3,200 रुपये की आय अर्जित कर ली है। होली के पर्व पर बाजार की पसंद को देखते हुए मांग में और वृद्धि की उम्मीद है।हर्बल गुलाल तैयार करने वाले समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्टाफ मास्टर ट्रेनर द्वारा दिया गया। प्रोडक्ट तैयार होने के बाद बाजार की मांग के अनुरूप् सुंदर पैकेजिंग में बिहान स्टाफ ने समूह का सहयोग किया। इस कार्य की शुरुआत समूह ने आंतरिक ऋण लेकर की है। उनके आत्मविश्वास और उद्यमिता को बिहान की मदद से नया आयाम दिया गया है।