राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड के लिए जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय चयनित, पूरे जिले के लिए गौरव
जशपुर। जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय को राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड हेतु चयनित किया गया है। पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी 3 जून 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में वे शामिल होंगे।
इस उपलब्धि पर सालिक साय ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों को वे और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।
सालिक साय ने इस सम्मान का श्रेय जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक सिंह और उनकी टीम को भी दिया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उनके साथ ही जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सिंह, डीडीसी, बीडीसी और जिले की समस्त पंचायतों के सरपंचों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूरे समर्पण और समन्वय के साथ कार्य किया जिसके परिणामस्वरूप जिला पंचायत को यह गौरव हासिल हुआ है। उन्होंने आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए वरिष्ठजनों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसके बिना यह सम्मान मिलना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे जशपुर क्षेत्र एवं भाजपा परिवार का सम्मान है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के निरंतर विकास की बात कहते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास और पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और आगे भी निरंतर यह कार्य जारी रहेगा।






