सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न

पत्थलगांव, । सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समिति की बैठक सभापति श्रीमती संतोषी भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेम्स मिंज, बीईटीओ एन.पी. चौधरी एवं चिकित्सकों की टीम द्वारा सभापति श्रीमती संतोषी भारद्वाज का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

बैठक में सभापति की अनुमति से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेम्स मिंज द्वारा एजेंडावार स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, कुपोषण मुक्ति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च जोखिम गर्भवती माताओं (HRP) की निगरानी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा वर्षा ऋतु में मलेरिया, डेंगू एवं सर्पदंश से बचाव हेतु विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना से समिति को अवगत कराया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया।

इस अवसर पर सभापति श्रीमती संतोषी भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक के दौरान सभापति द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए गए। उन्होंने बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू एवं सर्पदंश से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, आयुष्मान भारत योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी पर विशेष बल दिया।

समिति के सभी सदस्यों ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं आमजन के लिए सुलभ बनाने पर जोर देते हुए विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेम्स मिंज, बीईटीओ एन.पी. चौधरी, पवन वैष्णव, बी.एल. पैकरा (एचआरपी नोडल अधिकारी), आर.के. श्रीवास्तव (एनएमए), सेलेसियन मिंज, अनुगामी लकड़ा (आरएचओएफ), समिति सदस्य सुनीता बेक, अबीना एक्का, अरविन्द भगत एवं बाल श्याम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभापति श्रीमती संतोषी भारद्वाज ने कहा कि "स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज की पहचान हैं। स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं जनहितकारी बनाया जाएगा।"

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच एवं प्रभावशीलता बढ़ाने पर सर्वसम्मति व्यक्त की गई।